अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में चेस्ट फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ के अवकाश से लौटने से मरीजों को राहत पहुंची। ओपीडी में बाल रोग विशेषज्ञ ने 80 जबकि चेस्ट फिजिशियन से 40 मरीजों का उपचार किया। वहीं अस्पताल की ओपोडी बुधवार को 730 पहुंच गई।
बुधवार को जिला अस्पताल में दो दिनों के अवकाश के बाद चेस्ट फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ ने फिर से अपनी सेवाएं देनी शुरू की। चिकित्सकों के लौटने से उपचार को पहुंचे मरीजों को राहत पहुंची। चिकित्सकों ने 120 मरीजों का उपचार किया।
जिला अस्पताल में सुबह से मरीजों की ईएनटी, चर्म, हड्डी, बाल विशेषज्ञ कक्ष के बाहर मरीजों की कतारें लगी रहीं। वहीं अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, दवा काउंटरों पर मरीजों की भीड़ रही।
पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि दोनों चिकित्सक अवकाश से लौट आए हैं। इससे अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को अब उपचार मिल सकेगा।