गरुड़ के फल्याटी-कपकोटी मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त कलमठ। संवाद
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। फल्याटी-कपकोटी-ढोलगांव सड़क पर कलमठ क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। सोलिंग में निष्प्रयोज्य पत्थर का उपयोग करने के लिए अवैध खनन का आरोप लगा ग्रामीणों ने डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ढोलगांव तक सड़क बनाने के लिए लाखों रुपये की लागत से आजकल सोलिंग कार्य हो रहा है। इसके बावजूद इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से मोटर मार्ग के किमी सात में एक कलमठ क्षतिग्रस्त हो गया है।
इस कारण वहां फल्याटी से आगे भारी वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। माल भाड़े की ढुलाई का खर्च भी बढ़ गया है।
इससे परेशान ग्रामीणों ने सड़क से निकले मलबे को खाई और खेतों के बजाय किसी डंपिंग जोन में डालने की मांग की है। ढोलगांव निवासी कुंदन सिंह नेगी, देवेंद्र जेठा, प्रमोद सिंह रावल, पप्पू सिंह, नंदन सिंह ने आरोप की जांच कर क्षतिग्रस्त कलमठ को शीघ्र सुधारने की मांग भी की है। अन्यथा सभी ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन की चेतावनी दी है।