मौलेखाल(अल्मोड़ा)। रामनगर-भिकियासैंण-देघाट मार्ग पर बस संचालन को लेकर दो यूनियन के विवाद में यात्रियों को फजीहत झेलनी पड़ी। कुमाऊं आदर्श मोटर्स ने कुमाऊं मोटर ऑनर्स यूनियन ( केमू) पर बगैर परमिट के बस संचालित करने पर आधे रास्ते में बस को रुकवा दिया। ऐसे में केमू बस में सवार यात्रियों को दो घंटे से अधिक समय तक सड़क पर परेशान होना पड़ा।
दरसल रामनगर-मरचूला-भिकियासैंण-देघाट मार्ग पर कुमाऊं आदर्श मोटर्स की बस का संचालन होता है। इस मार्ग पर दो साल से केमू की बसों का संचालन बंद है। रविवार को केेमू ने रामनगर-मरचूला-देघाट-अल्मोड़ा रूट पर एक बस का संचालन शुरू किया। बस 15 यात्रियों को लेकर रामनगर से सल्ट पहुंची। वहां पहुंचे कुमाऊं आदर्श मोटर्स के पदाधिकारियों ने केमू की बस रोक दी और उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। ऐसे में यात्रियों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ी और उन्हें दो घंटे से अधिक समय तक सड़क किनारे बैठकर दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। बाद में कुमाऊं आदर्श मोटर्स की दूसरी बस वहां पहुंची और यात्री अपने गंतव्य को रवाना हो सके।
केमू ने कहा बस संचालन को मिला है परमिट, दर्ज की जाएगी एफआईआर
अल्मोड़ा। बस संचालन को लेकर कुमाऊं आदर्श मोटर्स ने केमू के पास परमिट न होने का आरोप लगाया है तो केमू का साफ तौर पर कहना है कि परमिट मिलने पर ही बस का संचालन शुरू किया गया है। केमू के पदाधिकारियों ने कहा कि जबरन बस रोकी गई, जिसकी एफआईआर दर्ज कर मामले की शिकायत परिवहन विभाग से भी की जाएगी।
-
कोट
इस मार्ग पर लंबे समय से कुमाऊं आदर्श मोटर्स बस का संचालन कर रहा है। केमू ने बगैर परमिट के बस का संचालन शुरू किया। इसका विरोध किया जाएगा। इसी कारण बस रोकी गई। इससे आदर्श मोटर्स को नुकसान होगा।
- नारायण सिंह, सचिव, कुमाऊं आदर्श मोटर्स, रामनगर।
कोट
बस संचालन के लिए केमू के पास परमिट है। जबरन बस रोकी गई, इसकी एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। परिवहन विभाग से भी इसकी शिकायत की जाएगी।
- देवेंद्र कांडपाल, इंचार्ज, केमू, रामनगर।
-