अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज डिपो से संचालित होने वाली मासी रूट की एकमात्र बस सेवा का बृहस्पतिवार को संचालन होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। जिला मुख्यालय से मासी मार्ग के लिए रोडवेज की सीमित सेवाएं हैं जिसके चलते दैनिक यात्री और दूर-दराज के ग्रामीण पूरी तरह इसी एकमात्र बस पर निर्भर रहते हैं।
बुधवार को चालक के अवकाश पर चले जाने के कारण कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी। नतीजतन मासी रूट की बस सेवा को स्थगित करना पड़ा। यात्रियों को जब सेवा निरस्त होने की सूचना मिली तो वे परेशान हो उठे। कई यात्रियों को मजबूरन निजी वाहनों और टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा जिससे उनकी जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ा। इस असुविधा के बाद बृहस्पतिवार को रोडवेज प्रबंधन ने मुस्तैदी दिखाई। चालक के वापस लौटते ही मासी रूट की बस को समय पर डिपो से रवाना किया गया। बस का संचालन सुचारू होने के कारण यात्रियों, विशेषकर व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और छात्र-छात्राओं को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में बड़ी राहत मिली। यात्रियों ने रोडवेज प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए डिपो में चालकों के बैकअप की व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि आवश्यक रूट प्रभावित न हों। इधर, रोडवेज के एजीएम धर्मानंद जोशी ने बताया कि बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया गया है।