अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवहन निगम की अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली सेवा स्थगित होने से यात्री परेशान रहे। यात्रियों ने सेवा का नियमित संचालन करने की मांग की।
जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज डिपो से चंडीगढ़, लखनऊ समेत विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है। डिपो में चालकों की कमी बनी हुई है। पर्याप्त चालक न होने से बसों के संचालन पर असर पड़ रहा है। चालकों की कमी के कारण अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली सेवा का संचालन स्थगित रहा। इस कारण अल्मोड़ा से बेतालघाट, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दिक्कतें हुई। खासकर बेतालघाट के लोगों को अधिक परेशानी होती है। यहां लोग बस का इंतजार करते हैं लेकिन जब बस नहीं आती है तो उन्हें मायूस होना पड़ता है। लोगों का कहना है कि बस का नियमित संचालन किया जाना चाहिए ताकि यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। अल्मोड़ा से बेतालघाट तक आधे रास्ते की सवारियों को टैक्सी चालक भी नहीं बैठाते हैं। इससे वह परेशान रहते हैं। वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी गीता पांडे ने बताया कि सेवा संचालन के प्रयास किए जा रहे हैं।