तहसील के सुदूरवर्ती दूनागिरि क्षेत्र के रतखाल गांव में सोमवार की रात अधेड़ की धारधार हथियार से हत्या कर दी गई। रात्रि में ही गंभीर रूप से घायल को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने दम तोड़ दिया। राजकीय अस्पताल रानीखेत में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि मामले में किसी के खिलाफ भी अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। राजस्व पुलिस मृतक के पुत्र और परिजनों का इंतजार कर रही है।
हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। प्राप्त सूचना के अनुसार नगर से 21 किमी दूर रतखाल गांव में सोमवार की रात आठ बजे हीरा सिंह (53) गांव के ही दो अन्य साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी बीच उनमें आपसी विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ा कि साथी व्यक्ति ने हीरा सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गंभीर रूप से घायल हीरा सिंह को रात्रि 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वाराहाट लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर करने की तैयारी चल रही थी, लेकिन अत्यधिक खून बहने के कारण हीरा सिंह ने दम तोड़ दिया। केंद्र के चिकित्सक डा. तपन शर्मा ने बताया कि सिर में गंभीर चोट और खून बहने के कारण मौत हुई है। इधर थाना पुलिस ने पंचायत नामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा, जहां से शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
रतखाल में हत्या का मामला प्रकाश में आया है, लेकिन अभी तक इस मामले में किसी के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। राजस्व पुलिस मृतक के पुत्रों और अन्य परिजनों का इंतजार कर रही है, इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
आशुतोष लोहनी, राजस्व निरीक्षक, द्वाराहाट।