चौखुटिया अंतर्गत ग्राम डांग की इसी पटवारी चौकी में रहते हैं मजदूर
- फोटो : अमर उजाला
यहां तो चलती है अपनी मर्जी की सरकार। ग्राम पंचायत जेठुआ के पंचायत घर और डांग की पटवारी चौकी में रहने वाले मजदूर इसका बड़ा उदाहरण हैं।
जिस पंचायत घर का इस्तेमाल गांव की बैठकें और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए होना चाहिए, उस पंचायत घर में मजदूरों का आशियाना बना दिया गया है। पंचायत घर में पिछले तीन दिनों से चिरान करने वाले यूपी के बहराइच के रहने वाले छह मजदूरों को टिकाया है। गौरतलब है कि इस पंचायत घर में मिनी आंगनबाड़ी केंद्र भी चलता है।
उधर ग्राम पंचायत डांग में बनी जिस पटवारी चौकी में संबंधित क्षेत्र के पटवारी को रहना चाहिए उस चौकी में भी लंबे समय से एक ठेकेदार के मजदूर रहे रहे हैं। गांव के ही कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर इस तरह की स्थितियों पर घोर आपत्ति जताई है।
एसडीएम ने चौकी में मारा छापा, मजदूरों को बाहर किया
ग्राम पंचायत डांग की पटवारी चौकी में मजदूरों के रहने के मामले में उपजिलाधिकारी फिंचाराम चौहान ने संज्ञान लेने के बाद तुरंत कार्रवाई की है। एसडीएम चौहान ने डांग पहुंचकर पटवारी चौकी में छापा मारकर वहां कई दिनों से रह रहे ठेकेदार के मजदूरों को बाहर निकाल दिया। छापा मारने के बाद उन्होंने बताया कि चौकी में तीन मजदूर थे, जिन्हे वहां से बाहर हटा दिया गया है। बताया कि चौकी में मजदूरों का काफी सामान भी रखा था। कहा कि इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत घर में मजदूरों के रहने के संबंध में ग्राम विकास अधिकारी अथवा अन्य अधिकारियों ने कोई सूचना नहीं दी है। यदि सूचना होती तो तुरंत कार्रवाई की जाती मामला अब संज्ञान में आया है भवन शीघ्र खाली कराया जाएगा।
बृजमोहन गुरुरानी
बीडीओ चौखुटिया