पंचायत चुनाव की प्रक्रिया तो पूरी हो चुकी है लेकिन असली सियासी घमासान अब शुरू हुआ है। जैसे-जैसे 31 जुलाई की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के भीतर बेचैनी बढ़ रही है। ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जोड़-तोड़, बैठकें, वादे और रणनीतियां हर तरफ चर्चा का विषय बनी हुई हैं। प्रत्येक प्रत्याशी खुद को विजयी मानकर भविष्य की योजनाएं बना रहा है लेकिन असली चेहरा तो चुनाव परिणाम ही दिखाएंगे।
खास बात यह है कि जिन सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बड़े-बड़े पदाधिकारी खुद मैदान में थे या अपने खास उम्मीदवारों को समर्थन दे रहे थे, वहां परिणाम बेहद निर्णायक साबित होंगे। इन नतीजों से न केवल स्थानीय राजनीति की दिशा तय होगी, बल्कि दलों के अंदर शक्ति संतुलन भी प्रभावित होगा।
31 जुलाई को तय होगा कि किसके सिर सजेगा जीत का सेहरा और कौन होगा मायूस
इस बार की पंचायत चुनावी तस्वीर कुछ अलग रही। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में गुटबाजी और अंदरूनी मतभेद साफ तौर पर दिखे। कई जगहों पर कार्यकर्ता अपनी ही पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में उतर आए। इससे यह संकेत साफ हैं कि संगठनात्मक स्तर पर सियासी दलों को आत्ममंथन की जरूरत है। चुनाव के दौरान जिस तरह से कार्यकर्ताओं में खींचतान दिखी, उसने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए भी नई चुनौती खड़ी कर दी है। पंचायत चुनाव को यूं ही राजनीतिक भविष्य का ट्रेलर नहीं कहा जाता। कई क्षेत्रों में ये नतीजे तय करेंगे कि किस नेता की पकड़ संगठन में मजबूत होगी और किसे हाशिए पर धकेल दिया जाएगा।
2027 के विधानसभा चुनावों पर भी दिखेगा इन नतीजों का असर
कई सीटों पर तो स्थिति ऐसी रही कि एक ही पार्टी के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में उतर गए। चाहे कांग्रेस हो या भाजपा, दोनों दलों में आपसी खींचतान साफ नजर आई। अब देखना होगा कि 31 जुलाई को किसके सिर पर जीत का ताज सजता है और कौन हाशिए पर चला जाता है। साथ ही यह भी अहम होगा कि इन नतीजों से 2027 के सियासी समीकरण किस तरह प्रभावित होंगे।