PAC will deal with those who spread anarchy in Holi
अल्मोड़ा। होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग को रोकने के लिए पुलिस ने पूरी तैयारी की है। एसएसपी के निर्देश पर अगले 48 घंटे के लिए नगर में पुलिस की 24 पार्टी और एक प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। इसके अलावा जिले के सभी थाना और चौकी इंचार्ज को अपने क्षेत्र में मुस्तैद रहने के निर्देश भी दिए गए हैं। एसएसपी पीएन मीणा ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्वक बगैर हुड़दंग के त्योहार मनाने की अपील की है।
त्योहार में किसी भी प्रकार का खलल रोकने के लिए पुलिस का ड्यूटी चार्ट तैयार है। कोतवाल अरुण वर्मा ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर नगर में विभिन्न स्थानों पर पुलिस पार्टी लगाई गई है। नगर के थाना बाजार, पल्टन बाजार, गंगोला मोहल्ला, हुक्का क्लब, चौघानपाटा, नंदादेवी, एनटीडी, शैल बैंड, पाताल देवी, भ्यारखोला, राजपुरा, बेस मार्ग और कर्नाटक खोला आदि स्थानों पर पुलिस के सिपाही तैनात रहेंगे।
किसी भी प्रकार का हुड़दंग करने, छेड़खानी करने, शराब पीकर तेज बाइक चलाकर स्टंट करने वालों पर पुलिस की खास नजर रहेगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार होली के दिन भी यही व्यवस्था रहेगी। मंगलवार को छह मोबाइल पार्टियां भी बनाई गई हैं। इसके अलावा पीएसी के जवानों को भी तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।