रानीखेत (अल्मोड़ा)। मजखाली-कोरुछिना मोटर मार्ग पर शराब की दुकान खुलने की सुगबुगाहट से क्षेत्र की महिलाएं भड़क गईं। भारी संख्या में महिलाओं ने मजखाली में प्रदर्शन किया। कहा कि मोटर मार्ग पर चार विद्यालय हैं, हैंड पंप से महिलाएं पानी भरती हैं। शराब की दुकान खुलने से बच्चों के भविष्य पर कुप्रभाव पड़ेगा। बाद में महिलाओं ने एसडीएम रजा अब्बास को ज्ञापन सौंपा, चेतावनी दी कि यदि वहां दुकान खुली तो महिलाएं आंदोलन शुरू कर देंगी।
बताया गया है कि मजखाली-कोरुछिना मोटर मार्ग पर मंगलवार की सुबह शराब की दुकान खोलने की योजना बन रही थी, क्षेत्र की महिलाओं को सोमवार की रात इसकी भनक लग गई। तल्ली रियूनी सहित आसपास की महिलाओं ने मंगलवार सुबह दुकान के आगे धरना देकर नारेबाजी की। महिला मंगल दल अध्यक्ष हेमा देवी सहित तमाम महिलाओं ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद शराब व्यवसायी अब रिहायशी इलाकों में दुकानें खोल रहे हैं।
कोरुछिना मोटर मार्ग पर गोलू मंदिर बिड़ला स्कूल के ठीक नीचे दुकान खोलने की योजना है, वहां जीआईसी, अशोका हॉल गर्ल्स स्कूल, हिमालयन विलेज स्कूल, चिल्ड्रन एकेडमी है। बाद में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और कहा कि यदि दुकान खुली तो महिलाएं दुकान के खिलाफ आंदोलन शुरू कर देंगी। इस दौरान खष्टी देवी, धना देवी, हेमा देवी, मोहनी देवी, चंपा देवी, पुष्पा देवी, मंजू अधिकारी, गीता अधिकारी, बंसती, प्रभा देवी, नंदी देवी, कमला देवी, हीरा देवी, हरुली देवी, राधा देवी, दीपा देवी आदि महिलाएं मौजूद थीं।