शहर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को पालिका में शामिल करने का लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। खत्याड़ी और शैल ग्राम पंचायत के लोगों ने पालिका में शामिल करने की खिलाफत करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायत खत्याड़ी में हुई लोगों की बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नगर पालिका अल्मोड़ा का विस्तार कर नगर निगम बनाने और इसमें खत्याड़ी ग्राम पंचायत को शामिल करने की कोशिश की जा रही है। इसका खत्याड़ी ग्राम पंचायत विरोध करती है। यदि ग्रामीणों की सहमति के बिना ग्राम पंचायत को पालिका में शामिल किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और राज्य सरकार की होगी। प्रधान हरीश कनवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला पंचायत सदस्य जगत सनवाल, बीडीसी सदस्य आनंद कनवाल, ममता कनवाल, हर्ष कनवाल, मोहनी कनवाल, भूपेंद्र सिंह, राजेंद्र मेहता, बहादुर सिंह आदि मौजूद थे। बीडीसी सदस्य आनंद सिंह कनवाल ने डीएम को ज्ञापन देकर खत्याड़ी को पालिका में शामिल करने की खिलाफत की है।
कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री तारु तिवारी ने शैल ग्राम पंचायत को पालिका में शामिल करने की खिलाफत की है। उन्होंने कहा है कि नगर पालिका को गली मोहल्लों में स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए। जिसमें पालिका नाकाम साबित हो रही है। पालिका को जरूरत है कि वह पहले नगर के मोहल्लों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करे। यदि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विश्वास में लिए बगैर कोई कार्रवाई की गई तो पालिका और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।