गांधी पार्क में धरने के दौरान नारेबाजी करते उत्तराखंड नर्स एसोसिएशन के कार्यकर्ता।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। नर्स फाउंडेशन उत्तराखंड नर्स एसोसिएशन ने भाजपा सरकार पर मेडिकल कॉलेज में पदों को ठेके पर देने का विरोध करते हुए गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने सरकार से इस फैसले को जल्द वापस लेने की मांग करते हुए पूरे राज्य में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री मेडिकल कालेज का उद्घाटन करने पहुंचे तो वह लोग इसका विरोध भी करेंगे।
गांधी पार्क में एकत्रित नर्सों ने कहा कि भाजपा सरकार ने अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज को ठेके में देकर जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने सरकार से इस फैसले को वापस लेने के साथ यहां स्थायी नियुक्तियां करने की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने मेडिकल कॉलेज को ठेके में देने के निर्णय को वापस नहीं लिया और स्थायी नियुक्तियां नहीं कीं तो वह लोग आंदोलन को भी बाध्य होंगे। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। धरना प्रदर्शन में मोनिका कनवाल, हिमानी साह, कल्पना मेहता, नेहा वर्मा, दिशा वर्मा, बबीता गैड़ा, सीमा सिजवाली, भारती राणा, ममता मासीवाल, विपिन चंद्र, हरीश जोशी, देवेंद्र प्रसाद, बबलू, गौरव, सुरेश आदि शामिल थे।