भैंसियाछाना ब्लॉक के धौलछीना बाजार में बीएसएनएल एक्सचेंज के जले ब्रॉड बैंड सप्लाई कार्ड और पावर सप्लाई कार्ड को एक माह बाद भी नहीं बदला गया है। इस कारण भैसियाछाना ब्लॉक में गत एक माह से ब्रॉड बैंड सेवा ठप है। जिससे बैंकों, डाकघरों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नहीं हो रहा है। बैंकों समेत सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। इधर स्थानीय व्यापारियों ने गत दिवस क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे विधानसभा उपाध्यक्ष और विधायक रघुनाथ सिंह चौहान से इस संबंध में शिकायत की। जिस पर चौहान ने मौके से ही फोन पर बीएसएनएल के जीएम से वार्ता की और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
भैंसियाछाना ब्लॉक के धौलछीना बाजार में बीएसएनएल एक्सचेंज के ब्रॉड बैंड सप्लाई कार्ड और पावर सप्लाई कार्ड एक माह पूर्व जल गए थे, लेकिन इन्हें अब तक ठीक नहीं कराया गया है। जिससे समूचे क्षेत्र में इंटरनेट सेवा ठप है। बैंक, सरकारी कार्यालयों और साइबर कैफे आदि में कामकाज प्रभावित हो रहा है। बैंकों, डाकघरों में ऑनलाइन ट्रंाजेकशन नहीं हो पा रहा है।
मनरेगा के मजदूरों को भी भुगतनान नहीं किया जा रहा है। जिससे उन्हें काफी दिक्कतें हो रही हैं। एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया की बात कह रही है जबकि धौलछीना में लंबे समय से बीएसएनएल की ब्रॉड बैंड सेवा ठप पड़ी है। इससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एक माह बाद भी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोगों में भारी आक्रोश है। व्यापार मंडल अध्यक्ष दरवान सिंह रावत का कहना है कि ब्रॉड बैंड सेवा ठप होने से व्यवसाय पर असर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि विभाग समस्या का समाधान नहीं कर सकता है तो उपभोक्ताओं के कनेक्शन बंद कर दिए जाएं।
जले हुए ब्रॉड बैंड सप्लाई कार्ड और पावर सप्लाई कार्ड को ठीक कराने के लिए नोएडा भेजा गया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर व्यवस्था जल्द दुरुस्त कर दी जाएगी।
गोविंद सिंह कार्की, एसडीओ भारत संचार निगम।