अल्मोड़ा। कोरोना काल में ऑनलाइन कक्षाओं और कामकाज का प्रचलन बढ़ने के साथ ही इसके दुष्प्रभाव भी लगातार बढ़ रहा है। खासकर कम उम्र युवा इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन से इस साल कंधा, कमर और गर्दन दर्द की समस्या बढ़ी है।
इन दिनों फिजियोथेरेपी करवाने वाले रोग से ग्रसित मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। मार्च माह में ही 273 मरीज थेरेपी के लिए पहुंचे। जो सामान्य स्थिति से 20 प्रतिशत तक अधिक हैं वहीं इसमें करीब 30 प्रतिशत युवा 16 से 30 वर्ष तक उम्र के हैं। जबकि सामान्य स्थिति में औसतन पांच प्रतिशत ही बच्चे थेरेपी के लिए पहुंचते थे।
जिला अस्पताल अल्मोड़ा में स्थित फिजियोथेरेपी केंद्र में इन दिनों थेरेपी करवाने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब तक 40 साल से अधिक उम्र के लोग थेरेपी करवाते थे लेकिन अब केंद्र में थेरेपी करवाने वाले अधिकांश मरीज कम उम्र के छात्र और युवा हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि कोरोना काल में ऑनलाइन कक्षाओं से लेकर बैठक और कामकाज का ऑनलाइन प्रचल बढ़ गया है।
ऐसे में अधिक समय तक मोबाइल, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग करना घातक सिद्ध हो रहा है। इससे छात्रों में कमर, कंधा, गर्दन दर्द की समस्या बढ़ गई है। अस्पताल के फिजियोथेरेपी केंद्र में इन दिनों सामान्य स्थिति के मुकाबले 20 प्रतिशत तक थेरेपी के मरीज बढ़े हैं।
समस्या यह है कि अधिकतर मरीज 30 साल से कम उम्र हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व में हर माह औसतन 200 से 250 मरीज आते थे। जबकि मार्च में ही मरीजों की संख्या 273 तक पहुंची। अगर यही हाल रहा तो बच्चों और युवाओं पर इस ऑनलाइन शिक्षा का बुरा प्रभाव पड़ सकता है।
मोबाइल कहीं समस्या न बन जाए
अल्मोड़ा। भले ही मोबाइल और कंप्यूटर के शौकीन बच्चों और युवाओं को फिलहाल ऑनलाइन कक्षाएं लुभावनी लग रही हों। लेकिन इनसे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है।
अभी कम उम्र से ही बच्चे मोबाइल जैसे आधुनिक उपकरण का बहुत अधिक उपयोग कर रहे हैं। जो की समस्या पैदा कर सकते हैं। बच्चों को मोबाइल का अधिक शौक होने के साथ की ऑनलाइन कक्षाएं आकर्षित कर रही हैं।
एक्सरसाइज जरूरी
अल्मोड़ा। वर्क फ्रॉम होम से लेकर ऑनलाइन कक्षाएं शरीर पर बुरा प्रभाव डाल रही हैं। इससे बचने के लिए नियमित एक्सरसाइज बहुत जरूरी है। फिजियोथेरेपिस्ट चारू महेश्वरी ने युवाओं में गर्दन, कंधा और कमर दर्द की बढ़ती समस्या के बीच एहतियात बरतने के लिए कहा है।
उन्होंने कहा कि इससे बचने के लिए हर घंटे में कुछ देर का आरोम जरूर करें, इससे आंखों को भी आराम मिलता है और दर्द की समस्या भी दूर होती है। कंप्यूटर में कार्य करते समय चेयर में सीधे बैठें। हो सके तो कंप्यूटर को अपने शरीर के हिसाब से सीने के पास रखें। वहीं मॉर्निंग वॉक और नियमित चलना फिरना रखें।