अल्मोड़ा। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में अब छात्रों को असाइनमेंट के लिए मोटी-मोटी फाइले बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विवि की ओर से अब असाइनमेंट का झंझट खत्म करके इसके लिए ऑनलाइन मोड की परीक्षा शुरू कर दी है। असाइनमेंट के तौर पर अब सभी विषयों में ऑनलाइन परीक्षा होगी। लेकिन इसमें छात्रों को 33 फीसदी अंकों के साथ परीक्षा अलग से उत्तीर्ण करनी होंगी।
यूओयू की ओर से इस वर्ष पाठ्यक्रम में बदलाव किए गए हैं। इस बार कोविड-19 के तहत विभिन्न विवि की ओर से ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करवाने की प्रक्रिया की गई। लेकिन यूओयू ने अब नए सत्र से छात्रों को फाइल बनाने से राहत दी है। विवि के किसी भी पाठ्यक्रम और कक्षा में प्रवेश ले चुके छात्रों को असाइनमेंट के लिए फाइल बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए विवि ने बदलाव करते हुए अब मात्र ऑनलाइन परीक्षा संचालित कर दी है। सभी पाठ्यक्रमों के सभी विषयों के लिए असाइनमेंट को ऑनलाइन परीक्षा में तबदील कर दिया गया है। छात्रों को अब हर विषय में एक ऑनलाइन परीक्षा देनी होगी। क्षेत्रीय कार्यालय रानीखेत के केंद्र समन्वयक डॉ. जेएस रावत ने बताया कि सभी विषयों पर होने वाली ऑनलाइन परीक्षा के नंबर परीक्षाफल में जुड़ेंगे। हर विषय की ऑनलाइन परीक्षा में अलग से पास होना जरूरी होगा। अनुत्तीर्ण होने की दशा में छात्रों को इसके लिए बैक की परीक्षा देनी होगी। कुल 20 अंकों की परीक्षा में एक-एक नंबर के 20 बहुविकल्पी प्रश्न होंगे। जिसमें पास होने के लिए 33 प्रतिशत अंक लाने बहुत जरूरी होंगे।
मोबाइल में ही दें सकेंगे ऑनलाइन असानइमेंट परीक्षा
अल्मोड़ा। छात्रों को असाइनमेंट के लिए मोटी फाइल नहीं बल्कि मात्र फोन से ही परीक्षा में शामिल होना पड़ेगा। छात्रों की सुविधा के लिए नई प्रक्रिया के तहत परीक्षा व्यवस्था इतनी सरल की जाएगी की हर तरह के मोबाइल फोन में आसानी से छात्र ऑनलाइन परीक्षा दें सकेंगे। मुख्य परीक्षाओं से पहले ही असाइनमेंट संबंधित परीक्षा संपन्न होगी। हालांकि यूओयू की ओर से पहले इस परीक्षा के लिए ट्रायल किया जाएगा लेकिन ऑनलाइन परीक्षा पर मुहर लग चुकी है। परीक्षा के तहत केंद्र से छात्रों को इसके लिंक साझा किए जाएंगे। जिसके बाद छात्र घर बैठे ही परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।