रानीखेत (अल्मोड़ा)। पर्यटक सीजन में बढ़ रही जाम की समस्या के समाधान के लिए रानीखेत नगर में रोडवेज बसों के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत अब रोडवेज बसों का संचालन विजय चौक होते हुए कराया जा रहा है। स्थानीय जनता लंबे समय से नगर में रोडवेज बसों के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने की मांग कर रही थी। पर्यटन सीजन में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वय से इस व्यवस्था को धरातल पर उतारा गया।
रविवार को नई व्यवस्था लागू होने के बाद नगर क्षेत्र में जाम की समस्या देखने को नहीं मिली। वहीं पुलिस की मौजूदगी में रोडवेज बस चालकों से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया। कोतवाल भुवन जोशी ने बताया कि व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं नियमों के पालन के लिए प्रतिदिन एएसआई ईश्वरी शर्मा एवं नरेश कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान कोतवाल भुवन जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बिशन लाल, उपनिरीक्षक हेमा कार्की, उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट, कमल गोस्वामी, नरेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल को जनहित में लिया गया प्रभावी निर्णय बताया।