ताकुला में ट्रक व बाइक की टक्कर हो गई। संवाद
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर(अल्मोड़ा)। ताकुला में बाइक व ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक व उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रविवार देर शाम ताकुला में गैराड़ मंदिर के पास बाइक व ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखचे उड़ गए और चालक निखिल बजेठा(23) पुत्र मोहन सिंह बजेठा निवासी भैंसियाछाना सल्ला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक के पीछे बैठी खोल्टा अल्मोड़ा निवासी 19 वर्षीय नीमा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक व उसका सहयोगी मौके से फरार हो गए। लोगों ने घायल युवती को 108 की मदद से बेस अस्पताल अल्मोड़ा भेजा और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा। थानाध्यक्ष ताकुला धर्मेंद्र सिंह ने कहा चालक व क्लीनर फरार हैं, जिनकी खोजबीन शुरू कर दी है। कहा घटना के कारणों का पता किया जा रहा है। वहीं बेस अस्पताल के एमएस डॉ. अजय आर्य ने कहा युवती के सिर, पैर में गंभीर चोट है। उपचार चल रहा है।