अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में एक चिकित्सक के अवकाश पर रहने और एक के दूसरी जगह ड्यूटी पर जाने से मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा। उन्हें पांच किमी दूर बेस अस्पताल के चक्कर काटने पड़े। इससे उन्हें परेशानी हुई।
जिला अस्पताल अल्मोड़ा में शनिवार को नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जीवन मपवाल अवकाश पर रहे। चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. नमन लोहनी की बेस अस्पताल में ड्यूटी लगी थी। एक साथ दो डॉक्टर नहीं होने से भैंसियाछाना, धौलादेवी, लमगड़ा, ताकुला, हवालबाग से उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानियों से जूझना पड़ा। त्वचा और नेत्र रोगियों को उपचार के लिए पांच किमी दूर बेस अस्पताल जाना पड़ा। वहां भी मरीजों की भीड़ रही जिससे उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। जिला अस्पताल की ओपीडी में 505 मरीज उपचार के लिए पहुंचे जिसमें बुखार, खांसी, जुकाम, पेट दर्द समेत अन्य बीमारियों के मरीज थे। भीड़ के चलते मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
त्वचा में खुजली हो रही है। संबंधित चिकित्सक को दिखाने पहुंची थी लेकिन चिकित्सक के न होने से अब दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। -सोनाली भाकुनी, अल्मोड़ा
आंख दर्द से परेशान हूं। उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि आज डॉक्टर अवकाश पर हैं। अब दूसरे अस्पताल में जाकर उपचार करा रहा हूं। -यशपाल सिंह, अल्मोड़ा
नेत्र रोग विशेषज्ञ अवकाश पर हैं जबकि चर्म रोग विशेषज्ञ बेस अस्पताल में ड्यूटी पर गए हैं। सोमवार से जिला अस्पताल में उपलब्ध रहेंगे। -डॉ. एचसी गड़कोटी, पीएमएस जिला अस्पताल अल्मोड़ा