झिमार-तल्ला बिरल मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करने की मांग को लेकर ग्रामीणों का तहसील सल्ट के झिमार बाजार में चल रहा धरना शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस मौके पर एसडीएम गौरव चटवाल से आंदोलनकारियों की वार्ता हुई। इसमें एसडीएम ने एक मई को विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या का निस्तारण करने का आश्वासन दिया। वार्ता के बाद आंदोलनकारियों ने 28 अप्रैल को झिमार बाजार में प्रस्तावित चक्काजाम स्थगित कर दिया है।
धरना स्थल पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सड़क नहीं बनने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हरक राम के पैतृक गांव तल्ला बिरल की उपेक्षा करार दिया। उन्होंने कहा कि सड़क बनने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
शुक्रवार को कनिष्ठ प्रमुख अनीता भट्ट, प्रधान कुंदन सिंह, प्रेम चंद, पुष्कर शर्मा, उतम सिंह, दयाल भट्ट, बाला दत्त शर्मा, मनोज उपाध्याय, तेग सिंह, मंगल सिंह, गोपाल सिंह, भागा देवी, कांचुली देवी, हीरा देवी, शांति देवी, मोहनी देवी, पनुली देवी आदि धरने पर बैठे।