ताड़ीखेत ब्लाक के सुदूरवर्ती टूनाकोट गांव में दोपहर अचानक एक पुराना दोमंजिला मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते गोठ में बंधे एक बैल की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि दो जानवरों को राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भवन स्वामी दूसरे मकान में रहते हैं। पुराने मकान में उन्होंने सिर्फ जानवर बांधे हुए थे।
टूनाकोट गांव में मदन सिंह पुत्र गजे सिंह का दोमंजिला पुराना मकान है। मकान में कोई नहीं रहता है। मकान स्वामी गर्मियों में इस भवन की गोठ में जानवरों को बांधते हैं। भवन जीर्ण होने के कारण बल्लियां कमजोर हो गईं हैं। राजस्व उपनिरीक्षक जगदीश नेगी ने बताया कि दोपहर में मदन सिंह जानवरों को जंगल से चराकर घर लाए, उन्होंने गोठ में उन्हें बांध दिया। कुछ देर बाद अचानक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। भवन मिट्टी और पत्थर का बना हुआ है। गोठ में दो बैल और एक बछिया बंधी हुई थी, एक बैल मलबे के नीचे दबकर मर गया, जबकि दो जानवरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामला आपदा का नहीं बनता, इधर ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।