हिमांशु धर्मशक्तू की संदिग्ध मौत के मामले में छात्र संघ उपसचिव दीपक कनवाल सहित एसएसजे परिसर के दो छात्रों को नामजद किए जाने के विरोध में छात्र संघ पदाधिकारियों ने सोमवार को परिसर बंद करा दिया और बाद में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। उन्होंने छात्रों को बेकसूर बताते हुए आंदोलन की धमकी दी। इधर व्यापारियों ने भी इस बारे में एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर पांच युवकों को बेगुनाह बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। दूसरी तरफ हिमांशु के रिश्तेदारों ने भी एसएसपी से मुलाकात करके हिमांशु की मौत के लिए दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।
मालूम हो कि मृतक के पिता बलवंत सिंह धर्मशक्तू ने पूर्व में पुत्र के गुमशुदगी की रिपोर्ट दी थी। बाद में उन्होंने 28 नवंबर को हिमांशु के गायब होने के लिए उसके साथियों पंकज कनवाल आदि पर शक जाहिर किया था। पुलिस ने रविवार को मृतक के साथियों पंकज कनवाल, दीपक कनवाल, पूरन भोजक, मनीष बिष्ट और गौरव किशोर के खिलाफ थाने में धारा 302 और एससीएसटी एक्ट में मुकदमा पंजीकृत करा दिया। हिमांशु की मौत के मामले में छात्र संघ उपसचिव दीपक कनवाल सहित परिसर के दो छात्रों को नामजद किए जाने के विरोध में छात्र संघ के आह्वान पर छात्रों ने सोमवार को एसएसजे परिसर बंद करा दिया और नारेबाजी की। बाद में छात्र संघ पदाधिकारी और कई छात्र एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी पी रेणुकादेवी को ज्ञापन देकर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उन्होंने नामजद किए गए छात्रों को बेकसूर बताया और कहा कि सबूत मिले बगैर उन्हें प्रताड़ित नहीं किया जाए। उन्होंने बगैर सबूत के गिरफ्तारी करने पर आंदोलन की भी धमकी दी। इस मौके पर छात्र संघ संघ अध्यक्ष सुनील सिंह, सचिव आशीष पंत, कोषाध्यक्ष मनीष टम्टा, उपाध्यक्ष सोहित भट्ट, राहुल खोलिया, प्रदीप बिष्ट, देवाशीष नेगी आदि मौजूद थे। इधर व्यापार मंडल पदाधिकारियों समेत व्यापारियों के शिष्टमंडल ने एसएसपी पी रेणुकादेवी को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में नामजद किए गए पांच युवकों को बेकसूर बताते हुए उन्हें प्रताड़ित नहीं करने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में अन्य लोगों के अलावा व्यापार मंडल अध्यक्ष भैरव गोस्वामी, मनोज सिंह पवार, अजीत कार्की, जगत कनवाल, दर्शन रावत, सुनील साह, हर्ष कनवाल, हरीश कनवाल, देवेंद्र सिंह कनवाल, रोहित रौतेला, मनीष जोशी, प्रदीप कनवाल आदि थे। उधर, पुलिस की एसडीआरएफ टीम ने रविवार को घटना स्थल पर जाकर जांच की। मौके पर मृतक हिमांशु का चश्मा भी बरामद हुआ।