अल्मोड़ा। चिकित्सा सेवा बोर्ड की ओर से 25 और 26 जुलाई को होने वाली नर्सिंग ऑफिसर भर्ती लिखित परीक्षा की तैयारियां शुरु हो गई है। जिले के एक मात्र परीक्षा केंद्र राजकीय मेडिकल कॉलेज में 589 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा को लेकर बृहस्पतिवार को हुई बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से एक दिन पूर्व परीक्षा केंद्रों का अच्छी तरह निरीक्षण कर लिया जाए। वहां उपलब्ध सभी मूलभूत व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश पत्रों और अभ्यर्थियों की पहचान का गहनता से सत्यापन किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहें। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए। बताया गया कि 25 जुलाई को 361 और 26 जुलाई को 228 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। वहां अपर जिलाधिकारी और परीक्षा की नोडल अधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी बलवंत रावत आदि मौजूद रहे।