अल्मोड़ा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ध्याड़ी में नर्सिंग अधिकारी का पद रिक्त है। रिक्त पद के सापेक्ष संविदा और आउट सोर्स से भी तैनाती नहीं है। इससे नर्सिंग से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ध्याड़ी में बिरकोला, मकड़ाउ, बसोली, चमतोला, धनकाना, पपोली, बेट, घट्यूडी, अनोली, सिरगांव, ध्याड़ी, भैंसाड़ी समेत कई गांवों के मरीज उपचार को आते हैं। स्वास्थ्य केंद्र में नर्सिंग अधिकारी का एक पद लंबे समय से रिक्त है। इस पद पर आउट सोर्स और संविदा के तहत भी तैनाती नहीं की गई है। नर्सिंग अधिकारी की कमी के कारण मरीजों को समय पर दवा, इंजेक्शन और आवश्यक देखभाल संबंधित कार्य प्रभावित होते हैं। स्टाफ की कमी से मौजूदा स्वास्थ्य कर्मियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है, जिससे चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने नर्सिंग अधिकारी के रिक्त पद पर तैनाती करने की मांग की है।
डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए भरपूर पानी पीएं
बदलते मौसम में लोग वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में 650 ओपीडी रही। नगर समेत ग्रामीण इलाकों से सर्दी जुकाम, गले का दर्द, कान दर्द, बुखार, पेट दर्द, नेत्र संबंधी बीमारियों के मरीज उपचार को पहुंचे थे। सुबह अस्पताल खुलते ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। चिकित्सकों ने धूप में नहीं निकलने और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए भरपूर मात्रा में पानी पाने की सलाह दी है।
कोट
नर्सिंग अधिकारी के रिक्त पद की सूचना जिला मुख्यालय के माध्यम से निदेशालय को दी गई है। इस संबंध में लगातार पत्राचार किया जा रहा है। - डॉ. चंद्रमोहन सिंह बोरा, प्रभारी चिकित्साधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ध्याड़ी