शिखर तिराहे से एनटीडी की ओर जाने वाली एलआरसाह रोड इन दिनों दुर्घटनाओं का कारण बनी हुई है। जगह जगह सड़क खराब होने के कारण आए दिन इस रोड में दोपहिया वाहन चालक रपट रहे हैं। इससे मार्ग में पैदल चलने वाले लोगों को भी खतरा बना हुआ है। एलआरसाह रोड काफी लंबे समय से खराब पड़ी है।
इस मार्ग में दोपहिया, चौपहिया वाहन दिनभर चलते रहते हैं, लेकिन सड़क की खराब दुर्दशा के चलते इस मार्ग में अक्सर वाहन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन सड़क को ठीक करने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। ऊपर से सड़क को खोदकर केबल डालने से सड़क और ज्यादा संकरी हो गई । लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क की खराब दुर्दशा को ठीक करने की मांग की है।
शिखर तिराहे पर फैली गंदगी और दुर्गंध से लोग परेशान
शिखर तिराहे के पास फेली गंदगी से पिछले काफी दिनों से दुर्गंध आने के कारण लोगों का इस मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है। खासकर इस मार्ग पर पैदल चलने वालों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों और लोगों का कहना है कि यह नगर की मुख्य जगह है।
यहीं से बाजार को जाने वाला मार्ग भी है और दूसरी ओर मुख्य रोड होने के कारण यहां से अन्य जिलों को भी बड़े वाहन जाते हैं। इसी के पास शहीद पार्क भी बना हुआ है, लेकिन दुर्गंध के कारण लोग यहां पर टिकना पसंद नहीं कर रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका से इस मार्ग की सफाई करने की मांग की है।