रानीखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय प्राथमिक विद्यालय बैनाली से सेवानिवृत्त हुए शिक्षक नवीन चंद्र पुजारी को दो साल बाद भी राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) का लाभ नहीं मिल पाया है। एनपीएस बुक अपूर्ण होने से उनके सेवानिवृत्ति लाभ अटके हैं जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है।
पुजारी 31 मार्च 2024 को सेवानिवृत्त हुए थे। शिक्षक संघ द्वाराहाट ने मामले को गंभीरता से लिया। संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संघ ने कहा कि 35 वर्ष की सेवा के बाद भी शिक्षक को अपने ही धन के लिए भटकना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
संघ ने नवीन चंद्र पुजारी की एनपीएस बुक प्राथमिकता पर पूर्ण कर सभी देय लाभ शीघ्र जारी करने की मांग की। साथ ही जिले के अन्य लंबित एनपीएस प्रकरणों के निस्तारण के लिए शिविर आयोजित करने की भी मांग की गई।
-
सेवानिवृत्त शिक्षक के साथ इस प्रकार की लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है। विभाग से शीघ्र समाधान की मांग है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो शिक्षक संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। प्रदेश में पुरानी पेंशन को लेकर कर्मचारी पहले से ही आंदोलनरत हैं। ऐसे में एनपीएस के तहत मिलने वाले लाभ में देरी कर्मचारियों की चिंता और बढ़ा रही है।
- ललित पालीवाल, अध्यक्ष शिक्षक संघ द्वाराहाट