भड़गांव के जंगल में लगी आग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में जंगल की आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब तक कई जंगल आग की भेंट चढ़ चुके हैं। सुदूरवर्ती चौबटिया के भड़गांव वन पंचायत का जंगल धू-धूकर जल उठा। उधर सिमोली गांव में जंगल की आग से तीन घास के लुट्टे राख हो गए।
इन दिनों क्षेत्र के जंगलों में आग लगने का सिलसिला जारी है। भड़गांव के जंगल में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया। प्रधान खजान चंद्र ने वन विभाग से फायर वाचर नियुक्त करने और ग्रामीणों को आग बुझाने के संसाधन मुहैया कराने की मांग की है। कहा कि प्रचंड आग पर काबू पाने के लिए निहत्थे ग्रामीण किस तरह से अंकुश पाएंगे। वन विभाग को पहले से ही इसकी तैयारियां कर लेनी चाहिए थी। इसी क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व जंगल की आग से एक दुमंजिला भवन जल गया था। उधर, ताड़ीखेत के सुदूरवर्ती सिमोली गांव में जंगल की आग से तीन लुट्टे घास के राख हो गए। एक पॉलीहाउस भी जल गया। ग्रामीणों ने आग लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।