पर्यटन नगरी की यातायात अव्यवस्था को ठीक करने की जिम्मेदारी अब सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) के कंधों पर आ गई है। नगर में सीपीयू यूनिट ने कामकाज संभाल लिया है। गांधी चौक पर संयुक्त मजिस्ट्रेट विनीत कुमार और सीओ कमल राम ने हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की। सीपीयू के आने से जहां यातायात अव्यवस्था रुकेगी वहीं दोपहिया वाहन चालकों की मनमानी पर भी रोक लग सकेगी। नगर की ट्रैफिक पुलिस को ही सीपीयू का जिम्मा सौंपा गया है।
मालूम हो कि पर्यटन नगरी की यातायात व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। वाहन चालक मनमाने ढंग से बाजार में वाहन खड़ा कर नदारद हो जाते हैं, इससे लोग घंटों जाम में फंस जाते हैं। व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने कई बार बैठकों के माध्यम से नियम बनाए, वन वे व्यवस्था लागू की, लेकिन हालात जस के तस हैं। दोपहिया वाहन चालक मनमाने ढंग से वाहनों को दुकानों के आगे लगा जाते हैं, इससे सामान खरीदने आने वाले ग्राहक भी परेशान रहते हैं। नाबालिग तेज गति से बाजार में वाहनों को दौड़ाते हैं। इधर सीपीयू के आने से तमाम अव्यवस्थाओं पर रोक लगने की उम्मीद है। सीपीयू यूनिट की जिम्मेदारी फिलहाल नगर के टीएसआई रमेश भट्ट को सौंपी गई है, टीम में दो लोग होंगे। यह टीम नियमित रूप से नगर और आसपास के क्षेत्रों में गश्त करेगी। शुभारंभ अवसर पर छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष भगवंत नेगी, महासचिव हर्ष पंत, डीएन बड़ोला, सीकेएस बिष्ट, हेमंत माहरा, यतीश रौतेला, कोतवाल संजय गर्ब्याल सहित तमाम लोग मौजूद थे।