भाजपा के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के संयोजक और जिला महामंत्री रवि रौतेला ने कहा है कि कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र बाराकोटी बेबुनियाद आरोप लगाकर भाजपा प्रत्याशी रेखा आर्या और उनके पति के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, जो कि निंदनीय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी ने ुलिस में फर्जी रिपोर्ट लिखाकर भाजपा प्रत्याशी की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। इस मामले में रेखा आर्या की ओर से सोमवार को उनके अधिवक्ता ने राजेंद्र बाराकोटी को मानहानि का नोटिस भेजा है। सप्ताह भर के भीतर लिखित माफी नहीं मांगे जाने पर सक्षम न्यायालय में मानहानि के लिए पांच करोड़ क्षतिपूर्ति का दावा करने की चेतावनी दी है।
पत्रकार वार्ता में रवि रौतेला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी और समर्थकों ने गत 11 फरवरी की सायं मजखाली में पार्टी प्रत्याशी रेखा आर्या के समर्थकों के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि रात में ही इसकी तहरीर आनलाइन पुलिस में दर्ज करा दी थी, लेकिन पुलिस ने दो दिन बाद मामला दर्ज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के पति ने कांग्रेस प्रत्याशी को गत दिवस न तो कोई फोन किया और न ही धमकी दी। इसकी पुलिस को निष्पक्ष जांच कर दोषी को दंडित करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन के दबाव में पुलिस काम कर रही है। भाजपा द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी और तहरीर में पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक चुनाव के बाद भी क्षेत्र में भाजपाइयों के साथ मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माओवाद के नाम पर मात्र भाजपा प्रत्याशी और पदाधिकारियों के घरों की दीवार पर अनर्गल नारे लिखे गए हैं, जो कि संदेहास्पद है। इस मौके पर अधिवक्ता आजाद खान, भाजयुमो जिलाध्यक्ष महेश नयाल, मनोज जोशी आदि मौजूद थे।