अल्मोड़ा। जिले में अभी तक कई लोगों के राशन कार्ड ऑनलाइन नहीं हो पाए हैं। इस कारण उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही आयुष्मान योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मुख्यालय स्थित जिला अस्पताल में प्रतिदिन लोग आयुष्मान कार्ड बनाने तो पहुंच रहे हैं, लेकिन राशन कार्ड ऑनलाइन न होने के कारण उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है।
सरकारी अस्पतालों में उपचार के लिए आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की सुविधा प्रदान की जाती है। इसके लिए लाभार्थी का आयुष्मान कार्ड बना होना जरूरी है। आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लाभार्थी का राशन कार्ड ऑनलाइन होना जरूरी है। इसकी जानकारी न होने के कारण कई लोग राशन कार्ड ऑनलाइन कराए बिना आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अस्पताल में पहुंच रहे हैं। राशन कार्ड ऑनलाइन न होने के कारण मजबूरी में लोगों को बैरंग लौटना पड़ रहा है।
लक्ष्य के सापेक्ष नहीं बन पाए आयुष्मान कार्ड
जिले में स्वास्थ्य विभाग को करीब चार लाख 87 हजार आयुष्मान कार्ड बनाने हैं, लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग लक्ष्य के सापेक्ष महज दो लाख कार्ड ही बना पाया है। जिला अस्पताल में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लोगों की भीड़ तो उमड़ रही है मगर राशन कार्ड ऑनलाइन न होने के कारण विभाग के अधिकारियों और लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ. वीएस टोलिया, निदेशक आयुष्मान देहरादून ने बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से मरीजों को इस योजना का लाभ दिया जाता है। लाभार्थियों के कार्ड ऑनलाइन न हो पाने के कारण आयुष्मान कार्ड बनाने में दिक्कतें सामने आ रही हैं।
मुकेश कुमार, पूर्ति अधिकारी, अल्मोड़ा ने बताया कि सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड का ऑनलाइन होना जरूरी है। जिले के लोग राशन कार्ड ऑनलाइन करा सकें, इसके लिए खाद्य निरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
-