रानीखेत (अल्मोड़ा)। नैनी ग्राम सभा के बीचों बीच निर्माणाधीन हॉटमिक्स प्लांट को लेकर ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर है। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्लांट के भविष्य में गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
आरोप है परमिशन के बगैर कंपनी दिन-रात निर्माण कार्य कर रही है। पूर्व में प्रशासन ने रोक लगाई थी, लेकिन अब प्रशासन के आदेशों की भी अवहेलना हो रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर सार्थक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नैनी ग्राम सभा में हॉटमिक्स प्लांट लगाने का ग्रामीणों ने विरोध कर दिया है। आक्रोशित पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडेय से मुलाकात की।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा के मध्य एक कंपनी द्वारा हॉटमिक्स प्लांट लगाया जा रहा है। पूर्व में प्रशासन ने निर्माण कार्य पर रोक लगाई थी, लेकिन अब फिर से कंपनी ने वहां दिन-रात कार्य शुरू किया हुआ है।
प्लांट चलाए जाने से केमिकल और धुएं से वातावरण दूषित हो रहा है। ग्रामीणों ने कंपनी के लोगों से वार्ता की, लेकिन सुनने को कोई तैयार नहीं है। कहा कि भविष्य में इस प्लांट के और भी गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
इस संबंध में तत्काल सार्थक कार्रवाई करने की मांग की गई। कहा कि यदि सार्थक कार्रवाई नहीं हुई तो नैनी, जाना, जर्गा, डडगलिया के ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में नैनी के ग्राम प्रधान दीपा देवी, पुष्पा देवी, हेमा देवी, देवकी देवी, कुसुम अधिकारी, शोभना अधिकारी, राधा अधिकारी, रमा देवी, नंदी देवी, सरपंच पूरन सिंह, संजय सिंह शामिल थे।