अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में मरीज हो रहे परेशान
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में रेडियोलॉजिस्ट नहीं होने के कारण अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं पटरी पर नहीं आ पा रही हैं। यहां अध्यापन से लेकर उपचार तक दस चिकित्सकों की जरूरत है लेकिन उपलब्ध केवल एक ही सीनियर रेजीडेंट हैं। कई बार यहां साक्षात्कार हो चुके हैं। सरकार की ओर से वेतन वृद्धि कर देने के बाद भी चिकित्सक उपलब्ध नहीं हो रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज में कई बार रेडियोलॉजिस्ट के लिए चिकित्सकों ने साक्षात्कार दिए लेकिन ज्वाइनिंग नहीं दी जिस कारण अभी भी मेडिकल कॉलेज में सुविधा पटरी पर नहीं है । जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे आदि के लिए मरीजों और उनके तीमारदारों को दूसरे अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोडा ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट के लिए शासन से पत्राचार किया गया है लेकिन अभी तक रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता नहीं हो रही है। शासन को नए सिरे से पत्राचार किया गया है। उम्मीद है कि जल्दी ही चिकित्सक की उपलब्धता हो सकेगी।