बाजार से एंटी रेबीज वैक्सीन खरीदकर जिला अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने पहुंचे लोग।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पिछले एक माह से जिला अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं मिल रही है। वहीं, बेस अस्पताल में भी दस बारह दिन से मरीज वैक्सीन नहीं मिलने से परेशान हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि निदेशालय स्तर से ही कमी हो रही है। वहीं बंदर और कुत्तों के काटने से घायल लोगों को बाजार से वैक्सीन खरीदकर अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने पहुंचना पड़ रहा है।
जिला अस्पताल में हर रोज 10 से 12 लोग हर रोज एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने पहुंचते हैं लेकिन वैक्सीन न होने से उन्हें मायूसी हाथ लगती है। फिर लोग बाजार से करीब 350 रुपये में एंटी रेबीज वैक्सीन खरीदकर लाते हैं और अस्पताल आकर इंजेक्शन लगवाते हैं। मंगलवार को भी सात लोग बाजार से वैक्सीन खरीदकर इंजेक्शन लगवाने पहुंचे। इन सभी लोगों को लावारिस कुत्तों ने काट दिया था। इससे पहले दिन भी सात आठ लोग इंजेक्शन लगवाने जिला अस्पताल पहुंचे थे। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा का कहना है कि पिछले एक माह से एंटी रेबीज वैक्सीन खत्म है कई बार मांग की गई है अभी तक नहीं मिली है। यही हाल बेस अस्पताल का भी है। यहां भी हर रोज चार से पांच लोग इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी ने बताया कि निदेशालय में डिमांड की गई है।