नामांकन कक्ष में काम निपटाते जिलाधिकारी।
- फोटो : amar ujala
अल्मोड़ा संसदीय सीट पर दूसरे दिन भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया है। इधर नामांकन से पहले ही कांग्रेस के भीतर मतभेद उभरने लगे हैं। कांग्रेस से दावेदारी कर रहे सज्जन लाल टम्टा ने नामांकन के लिए एक सेट भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के तौर पर और एक सेट निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लिया।
बता दें कि कांग्रेस के प्रदीप टम्टा भी एक दिन पहले ही नामांकन प्रपत्र का एक सेट ले चुके हैं। कांग्रेस से टिकट के दावेदार चल रहे सज्जन लाल टम्टा द्वारा नामांकन फार्म खरीदने से उनके भी चुनाव मैदान में कूदने की संभावना बन रही है। अभी तक कांग्रेस हाई कमान ने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है। इधर उक्रांद (डी) की द्रोपदी वर्मा ने भी मंगलवार को नामांकन पत्र का एक और सेेट लिया है।
जबकि सोमवार को भी उन्होंने दो सेट लिए थे। रिटर्निंग ऑफिसर और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि दूसरे दिन भी संसदीय सीट के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया है। इस अवसर पर सहायक रिटर्निंग ऑफिसर सीमा विश्वकर्मा, प्रभारी अधिकारी नामांकन मनोहर लाल, हरीश रौतेला, गिरीश मल्होत्रा आदि मौजूद थे। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया है।