शुक्रवार की देर शाम ट्रक ने इस तरह मचाई अफरा तफरी।
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार की देर शाम नो एंट्री जोन में घुसे ट्रक ने खासा बवाल मचाया। ट्रक ने नगर में लगे बिजली और टेलीफोन के तार तोड़ डाले। ट्रक के घुसते ही तार ट्रक पर उलझ गए, जिसके चलते टेलीफोन का पोल मुख्य बाजार में गिर गया, तार टूटने से जहां बिजली गुल हो गई, वहीं एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकी।
देर शाम करीब साढ़े छह बजे हल्द्वानी की तरफ से भारी भरकम ट्रक रानीखेत नगर की नो एंट्री जोन में घुस आया। यहां शाम के वक्त बड़े वाहनों के लिए नो एंट्री है। यह ट्रक चौखुटिया की ओर जा रहा था। ट्रक संख्या यूपी 14 जीटी 5772 में भारी भरकम टैंकर भी लदा हुआ था। ट्रक के घुसते ही बिजली और टेलीफोन के तार उसकी चपेट में आ गए। मुख्य बाजार में टेलीफोन का पोल भी भरभराकर गिर गया, देर शाम बाजार में चहल पहल भी रहती है। सौभाग्य से पोल किसी पर नहीं टकराया नहीं, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। बताया जा रहा है कि बड़े ट्रक में पेट्रोल पंप का टैंकर लदा हुआ था। घटना के चलते नगर में लगभग एक घंटे तक जाम लग गया, वहां लोगों में अफरा तफरी मच गई। बाद में स्थानीय नागरिकों की मदद से वहां बमुश्किल मामला शांत कराया गया। बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण आधा घंटे तक व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने ट्रक का चालान काटा। देर रात तक सड़क पर लोगों की भीड़ भाड़ जमा रही।