अल्मोड़ा। सोशल मीडिया में कोरोना मरीज मिलने की झूठी खबर देने पर पुलिस ने नगर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर एसएसपी पीएन मीणा ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से वाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर आदि सोशल साइटों पर किसी भी तरह की झूठी जानकारी साझा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी जारी की है। उन्होंने सभी थाना प्रभारी, साइबर टीम को सोशल साइटों पर निगरानी रखने को कहा है।
गोपालधारा निवासी आशीर्वाद गोस्वामी ने फेसबुक आईडी के जरिए बीते शनिवार को अल्मोड़ा में भी एक व्यक्ति कोरोना से ग्रसित पाए जाने की अफवाह प्रसारित की थी। एसएसपी के निर्देश के बाद कोतवाल अरुण वर्मा और साइबर सेल प्रभारी नीरज भाकुनी ने आरोपी को उसके निवास स्थान गोपालधारा से जांच और पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। जांच के बाद आशीर्वाद गोस्वामी ने फेसबुक आईडी से झूठी सूचना को हटाया और कृत्य के लिए क्षमा भी मांगी। लेकिन आम जनता में भय व्याप्त करने और कोरोना वायरस महामारी के संबंध में दिए गए निर्देशों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 505 (1) बी और 188 का अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई कर दी गई है।