होम आइसोलेशन (कार्यबहिष्कार) के दौरान घर से विरोध दर्ज करते कार्मिक।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अल्मोड़ा के स्वास्थ्य कार्मिकों का विरोध लगातार जारी है। रविवार को चौथे दिन भी एनएचएम के डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी होम आइसोलेशन (कार्य बहिष्कार) पर रहे। मांगें पूरी नहीं होने पर कर्मियों ने रोष जताया। इसके साथ ही फिलहाल सोमवार से कर्मियों के कार्य पर लौटने पर संशय की स्थित बनी रही। लगातार चार दिनों से 250 कर्मियों के होम आइसोलेशन में जाने से कार्य बुरी तरह प्रभावित रहा।
बता दें कि गोल्डन कार्ड का लाभ दिए जाने, सामूहिक स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर परिवार को उचित आर्थिक सहायता और एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने, वेतन विसंगति दूर करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारी और डॉक्टरों में कड़ी नाराजगी है। बीते 28 मई से लगातार छह दिनों तक एनएचएम के कर्मियों और डॉक्टरों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक प्रदर्शन के साथ कार्य किया। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर बीते तीन जून से जिले भर के सभी 250 कर्मचारी कार्य छोड़ होम आइसोलेशन में चले गए।
रविवार को भी कर्मियों ने होम आइसोलेशन में रहकर विरोध दर्ज किया। कार्यबहिष्कार से आपातकालीन से लेकर टीकाकरण, सैंपलिंग आदि कार्य प्रभावित रहा। कर्मियों ने कहा कि लगातार मांग के बावजूद भी सुध नहीं ली जा रही है। हालांकि घोषित चार दिवसीय होम आइसोलेशन का रविवार को अंतिम दिन रहा। बताया जा रहा है कि कर्मचारी आगे भी कार्य बहिष्कार जारी रखने के पक्ष में हैं। लेकिन शाम तक राज्य स्तर पर संगठन की बैठक के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। विरोध करने वालों में एनएचएम जिलाध्यक्ष डॉ. शिखा जोशी, दयाल, अंजलि पांडे, चारुल महेश्वरी, रीना बिष्ट, डॉ. विशाल शर्मा, रूचि जोशी, आनंद मेहता आदि ने विरोध जताया।