जिला अस्पताल में पहुंची अल्ट्रासाउंड मशीन।
- फोटो : amar ujala
जिला अस्पताल अल्मोड़ा में 11 लाख रुपये की नई रंगीन अल्ट्रासाउंड मशीन पहुंच गई है। अब अस्पताल में दो अल्ट्रासाउंड मशीन हो गई हैं। इससे रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी।
जिला अस्पताल अल्मोड़ा में 2013 से नई अल्ट्रासाउंड मशीन लाने की कवायद चल रही थी।
शुक्रवार को 11 लाख रुपये की नई कलर अल्ट्रासाउंड मशीन अस्पताल में पहुंच गई है। जिला अस्पताल में पहले से ही स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन ब्लैक एंड व्हाइट थी। बताया जाता है कि छह माह में यह मशीन दो बार खराब हो गई थी। इस कारण कई रोगियों के अल्ट्रासाउंड नहीं हो पाए। इस कारण रोगियों को महिला अस्पताल में जाकर अल्ट्रासाउंड कराने पड़े।
महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए काफी संख्या में प्रसव पीड़ित महिलाएं आती हैं इस कारण रोगियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा ने बताया कि लंबे प्रयासों के बाद जिला अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड मशीन शुक्रवार को पहुंच गई है। अब रोगियों को अल्ट्रासाउंड कराने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला अस्पताल में नगर समेत बागेश्वर से भी काफी संख्या में रोगी पहुंचते हैं। अब उन्हें बेहतर सुविधा मिलेगी।