राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित परिवारों को चालू महीने से ही राशनकार्ड पर खाद्यान्न मिलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी टीएन उपाध्याय ने योजना में चयनित परिवारों से गल्ला दुकानों से खाद्यान्न कोटा प्राप्त कर लेने को कहा है।
पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित प्राथमिक और बीपीएल श्रेणी के राशनकार्डधारक परिवारों को प्रतिमाह प्रति यूनिट दो किलो गेहूं दो रुपये प्रति किलो, तीन किलो चावल तीन रुपये प्रति किलो की दर से मिलेगा।
अन्त्योदय अन्न योजना के कार्ड धारकों को इसी दर पर प्रतिकार्ड प्रतिमाह 13.3 किलो गेहूं और 21.7 किलो चावल मिलेगा। राज्य खाद्य योजना में चयनित परिवार को प्रतिमाह पांच किलो गेहूं पांच रुपये प्रति किलो की दर से और 10 किलो चावल नौ रुपये प्रति किलो की दर से दिया जाएगा।
उन्होंने सभी गल्ला विक्रेताओं से राशनकार्ड धारकों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने को कहा है। डीएसओ ने बताया कि गल्ला विक्रेताओं का लाभांश 18 रुपये प्रति कुंतल से बढ़ाकर 143 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है। विक्रेताओं को पूर्व स्वीकृत परिवहन भाड़े के अलावा 11 रुपये प्रति कुंतल हैंडलिंग चार्ज भी दिया जाएगा।