मेडलों के साथ ताइक्वांडो खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 37वीं जूनियर नेशनल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र की ब्वाइज स्पोर्ट्स कंपनी के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए। कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह प्रतियोगिता 27 से 31 दिसंबर तक छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुई थी। जिसमें देशभर से पहुंचीं 40 टीमों ने भाग लिया। ब्वाइज कंपनी के पांच खिलाड़ियों ने जूनियर सर्विसेज टीम का हिस्सा बनकर पदक जीते। कैडेट भूपाल सिंह और कान्हां मैनाली ने स्वर्ण जबकि वाई मुक्ता सिंघा ने एक कांस्य पदक जीतकर रेजीमेंट का मान बढ़ाया है। कहा कि कोच हवलदार हरी सिंह और सिपाही अमित के प्रशिक्षण और मार्ग दर्शन में कंपनी लगातार खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है।