नंदा देवी महोत्सव में मेहंदी प्रतियोगिता में मेहंदी रचे हाथ दिखाती बालिकाएं। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ऐतिहासिक नंदा देवी मंदिर के मां नंदा-सुनंदा महोत्सव में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। बच्चों की प्रतियोगिताएं भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। प्रवाह सांस्कृतिक जन कल्याण समिति अल्मोड़ा के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
बुधवार को शोभा यात्रा के साथ महोत्सव का समापन होगा। नंदा देवी मंदिर परिसर में मेहंदी, ऐपण, चित्रकला, बच्चों की पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिताओं में स्कूली बच्चों ने प्रतिभा दिखाई। बैंच प्रेस, स्नूकर, सिक्स ए साइड हॉकी, कैरम आदि प्रतियोगिताएं भी हो रही हैं। इससे पहले सोमवार रात प्रवाह सांस्कृतिक एवं जन कल्याण समिति ने कई कार्यक्रम पेश किए। महोत्सव के तहत अंतर विद्यालयी समूह लोकनृत्य प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग में स्प्रिंग फील्ड पब्लिक स्कूल विजेता, केंद्रीय विद्यालय उप विजेता, जूनियर वर्ग में विवेकानंद विद्या मंदिर विजेता, आर्मी पब्लिक स्कूल उप विजेता, सीनियर वर्ग में एनएनडीएम बीरशिवा स्कूल चिलियानौला विजेता, विवेकानंद विद्या मंदिर उपविजेता रहे। एलएम चंद्रा, ओमप्रकाश साह निर्णायक रहे। नंदा देवी समिति के अध्यक्ष हरीश साह, पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष मोहन नेगी, संजय पंत, भुवन साह, भुवन चंद्र सती ने पुरस्कार बांटे।