द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बूढ़ी दीपावली (इगास) मनाने पहुंचे नैनीताल सांसद अजय भट्ट का उनके पैतृक गांव में भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने पैतृक गांव पहुंचते ही अपने घर के मंदिर में पूजा अर्चना की। धनखलगांव के गोलूथान मंदिर में पूजा के दौरान वहां भजन कीर्तन चलते रहे। पत्रकार वार्ता में सासंद अजय भट्ट ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपने पारंपरिक त्योहार अपने गांव में मनाने चाहिए। यही प्रधानमंत्री का भी संदेश है। उन्होंने प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल के लिए युवाओं से गांव में ही रोजगार करने, परंपरागत खेती को बढ़ावा देने की अपील की।
द्वाराहाट पहुंचने पर घटगाड़ पुल के पास ढोल, नगाड़े के साथ सांसद भट्ट का स्वागत किया गया। घटगाड़ से बाजार तक उनका पैदल आने का कार्यक्रम था, लेकिन शादी के चलते वाहनों की भारी आवाजाही से जाम लगने की स्थिति देखते हुए उनके वाहनों का काफिला सीधे गांव को निकाल गया। बाद में यहां से भट्ट वापस हल्द्वानी में एक शादी समारोह में शिरकत करने को निकल गए। उनकी साथ उनकी पत्नी पुष्पा भट्ट भी थीं।
उनके स्वागत कार्यक्रम में विधायक महेश नेगी, नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह, जिला उपाध्यक्ष कैलाश भट्ट, अनिल शाही, नरेंद्र रौतेला, मोहन नेगी, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, महामंत्री प्रेम शर्मा, राजेंद्र जसवाल, मंडल अध्यक्ष उमेश भट्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता भट्ट, घनश्याम भट्ट, महेश लाल साह, कोआपरेटिव अध्यक्ष संजय मठपाल, भूपेंद्र कांडपाल, आशीष वर्मा, हीरा सिंह अधिकारी, बालादत्त भट्ट, प्रधान योगेश भट्ट, कुंदन भट्ट, दामोदर भट्ट, हेम भट्ट सहित तमाम लोग मौजूद रहे।