पर्यटन नगरी में बढ़ती गंदगी की समस्या छावनी परिषद की बोर्ड बैठक में भी प्रमुखता से छायी रही। बोर्ड के अध्यक्ष कुमाऊं रेजीमेंट केंद्र के कमांडेंट ब्रिगेडियर अनंत कुमार भुइयां ने इस समस्या पर गहरी नाराजगी जताई, नगर को साफ सुथरा बनाने के लिए कैंट बोर्ड के अधिकारियों से योजना बनाने को कहा। तय हुआ कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट तकनीक से नगर को साफ सुथरा बनाया जाएगा। नियमित रूप से अधिकारी नगर का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा भी लेंगे। बैठक में दाखिल खारिज के कई मुद्दों का भी निस्तारण हुआ।
केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर अनंत कुमार भुइयां की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों ने अपने अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं और सुझाव भी दिए। इस दौरान नगर में गदंगी की समस्या प्रमुखता से छायी रही। मालूम हो कि अमर उजाला कई बार पर्यटन नगरी के कूड़े की जद में होने की खबरें प्रकाशित कर चुका है। बोर्ड अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गंदगी की बढ़ती समस्या से पर्यटन नगरी की शाख पर बट्टा लग रहा है। अधिकारी स्वच्छ शहर के लिए शीघ्र योजना बनाकर इस पर अमल शुरू करें। उपाध्यक्ष मोहन नेगी ने कहा कि वह भी कई बार गंदगी और मूत्रालयों की समस्या को उठा चुके हैं। मूत्रालयों की दुर्दशा हो रही है, सड़कों पर बहती गंदगी संक्रामक रोगों को दावत दे रही है। बैठक में तय हुआ कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नगर की सफाई होगी। अध्यक्ष ने कहा कि नियमित रूप से सफाई व्यवस्था का निरीक्षण भी होगा। इस दौरान दाखिल खारिज के आठ मामले निस्तारित किए गए। जबकि लंबे समय से बंद पड़े पेयजल संयोजनों को तत्काल प्रभाव से खोलने का भी निर्णय हुआ। बैठक में सभासद संजय पंत, सुकृत शाह, विंदु रौतेला, भुवन लाल आर्य, विनोद चंद्र सहित सीईओ नरसिम्हा रेड्डी, कर्नल सीके शर्मा सहित तमाम अधिकारी और सभासद मौजूद थे।