मौलेखाल (अल्मोड़ा)। मरचूला-भिकियासैंण मोटर मार्ग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस सड़क के बन जाने के बाद पांच दर्जन से अधिक गांवों की आबादी सड़क से जुड़ जाएगी। रविवार को मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार रणजीत सिंह रावत ने सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के बन जाने से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों को यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार का लक्ष्य हर ग्रामीण क्षेत्र को सड़क से जोड़ना है। सल्ट क्षेत्र में शीघ्र दो दर्जन से अधिक सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने टुकरा में इंजीनियरिंग कालेज और धूरा में कृषि महाविद्यालय खोलने का शासनादेश जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार सारुण में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने जा रही है। मरचूला में रैपटाइल पार्क के लिए शासन ने वन विभाग को एक करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिया है।
चौखुटिया के पास धामदेवल गांव में हवाई अड्डा सरकार बनाने जा रही है। इस मौके पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष माधवानंद चौनियाल, शोबन बोरा, कुंवर कठायत, अर्जुन रावत, महेंद्र सिंह, जीत सिंह रावत, आनंद सिंह रावत, प्रहलाद सिंह रावत, नंदन बोरा, शंभु सिंह, राम सिंह जमलाल, गोपाल सिंह, मोहन सिंह समेत लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।