राजकीय इंटर कालेज गंगानगर मोतियापाथर। संवाद
अल्मोड़ा। जिले के लमगड़ा विकासखंड अंतर्गत राजकीय इंटर कालेज गंगानगर मोतियापाथर में इंटर में गणित विषय को वर्षों से स्वीकृति नहीं मिल सकी है। ऐसे में क्षेत्र के विद्यार्थियों को गणित पढ़ने के लिए नौ किमी दूर शहर फाटक और आठ किमी दूर पहाड़पानी की दौड़ लगानी पड़ रही है।
राजकीय इंटर कालेज मोतियापाथर में इंटरमीडिएट में गणित विषय की स्वीकृति के लिए बीते पांच सालों में 10 से अधिक बार शासन में प्रस्ताव भेजा गया। यह प्रस्ताव सरकारी फाइलों में ही सिमटकर रह गया है। ऐसे में हाईस्कूल के बाद गणित की पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि स्थानीय स्कूल छोड़कर उन्हें गणित पढ़ने के लिए नौ किमी दूर शहर फाटक या आठ किमी दूर पहाड़पानी इंटर काॅलेज की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है। शहर फाटक और पहाड़पानी वाहन से आवाजाही करने में किराए में हर रोज 60 से 70 रुपये खर्च हो रहे हैं। ऐसे में अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। विद्यार्थियों के अन्य स्कूलों का रुख करने से यहां छात्र संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है। बावजूद इसके नई शिक्षा नीति के तहत सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने का अभियान चल रहा है।
-
प्रवक्ताओं की कमी से पढ़ाई में पड़ रहा खलल
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कालेज गंगानगर मोतियापाथर में राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र विषय के प्रवक्ताओं के पद रिक्त चल रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अन्य विषयों के शिक्षकों को इन विषयों का भी ज्ञान बांटना मजबूरी बन गया है।
-
कोट- राजकीय इंटर कालेज गंगानगर मोतियापाथर में इंटर में गणित विषय की स्वीकृति का मामला शासन स्तर का है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद ही वहां गणित विषय की पढ़ाई हो सकेगी।
प्रेमा बिष्ट, खंड शिक्षाधिकारी, लमगड़ा।