अल्मोड़ा। आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा में जम्मू के लक्की गुप्ता ने ‘मां मुझे टैगोर बना दे’ नाटक की एकल प्रस्तुति दी। उन्होंने नाटक के माध्यम से बच्चों को माता-पिता की सेवा करने की प्रेरणा दी। नाटक से उन्होंने रवींद्र नाथ टैगोर के जीवन वृत्त और कार्यों पर प्रकाश डाला। मनोरंजन के साथ ही सेवा भाव की प्रेरणा दी। बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया। यह नाटक मोहन भंडारी द्वारा रचित है।
लक्की गुप्ता पिछले सात वर्षों से स्वयं के प्रयासों से विभिन्न स्थानों पर जाकर प्रस्तुति देते हैं। यह उनका 245 वां मंचन था। स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील जोशी ने लक्की गुप्ता के प्रयासों को सराहा और नाटक को समाज, छात्र-छात्राओं के लिए पथ प्रदर्शक बताया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वह पढ़ाई के साथ ही जीवन में सेवा भाव को बढ़ावा दें। इस मौके पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं मौजूद थे।