जागेश्वर मंदिर में सावन के पहले सोमवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। सावन के पहले सोमवार को जागेश्वर धाम भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को रुद्राभिषेक किया और पार्थिव पूजन संपन्न कराया। पहले सोमवार के दिन रिकार्ड 90 पार्थिव पूजन संपन्न हुए। इस दौरान करीब दस हजार से अधिक लोगों ने जागेश्वर मंदिर के दर्शन किए।
मंदिर में तड़के से श्रद्धालुओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। सावन मास का पहला सोमवार होने के कारण लोगों ने व्रत भी रखा और भगवान के दर्शन के लिए लाइन में खड़े रहे।
मुख्यमंत्री के ओएसडी जगदीश चंद्र खुल्बे, जागेश्वर विधायक गोविंद सिंह कुुं जवाल के अलावा दिल्ली, लखनऊ से भी काफी लोग जागेश्वर पहुंचे।
मंदिर के प्रबंधक भगवान भट्ट ने बताया कि पहले सोमवार को करीब 90 पार्थिव पूजे गए और करीब दस हजार से अधिक लोगों ने भगवान शिव के मंदिर के दर्शन किए। पुलिस को भी भीड़ को नियंत्रण करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इधर आरतोला में वाहन पार्किंग स्थल पर भी वाहन रखने को जगह नहीं मिली। मंदिर परिसर के बाहर लगे अस्थायी बाजार में भी लोगों की काफी भीड़ दिखी। इधर मंदिर के बाहर बने मंच में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार प्रस्तुतियां दीं।