अल्मोड़ा। मौसम में रोज हो रहे बदलाव से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार आदि के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में रोजाना होने वाली ओपीडी में औसतन 30 मरीज इन बीमारियों के आ रहे हैं।
बारिश होने से भीषण गर्मी से राहत मिली है लेकिन कभी मौसम गर्म और कभी ठंडा हो रहा है। इसका असर सीधे लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। मौसम में नमी की वजह से बैक्टीरिया और फंगल संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ गया है। सेहत और त्वचा से जुड़ी कई तरह की बीमारियां होने लगी हैं। लोग तेजी से मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इस कारण अस्पतालों में आ रहे कुल मरीजों में 25 से 30 प्रतिशत लोग वायरल, नजला, सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार के आ रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में बीमारियों से बचने के लिए सावधानी बरतनी जरूरी है। बारिश होने से तापमान में उतार-चढ़ाव आ रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि इस मौसम में लापरवाही सेहत के लिए खतरा बन सकती है। इसलिए खानपान से लेकर कपड़े पहनने तक में सावधानी बरतने की जरूरत है।
संक्रमण से ऐसे करें बचाव
- बारिश में ज्यादा देर तक न भीगें।
- बरसात में पानी उबाल कर ही पीएं।
- बाहर का खाना बिल्कुल भी न खाएं।
- इस मौसम में ठंडी चीजों के सेवन से परहेज करें।
- बाजार में बने खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें।
- पौष्टिक आहार लें ताकि शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे।
-बारिश के मौसम में कटे-फटे फल और खुली हुई चीजें न खाएं।
- बाहर से आते ही हैंड सैनिटाइजर से हाथ अच्छी तरह से धो लें।
- कोई भी समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह लें और उपचार कराएं।
बरसात के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले और मौसमी खाद्य पदार्थ का सेवन करें। मौसम ठंडा होने पर आइसक्रीम, दही आदि ठंडी चीजों के सेवन से बचें। - डॉ. हरीश आर्या, जनरल फिजिशियन, जिला अस्पताल, अल्मोड़ा।