रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र की कई सड़कें गड्ढों में समा चुकी हैं। यहां जरूरी बाजार की ओर जाने वाली सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे परेशानी का सबब बन चुके हैं। गड्ढों में भरे बारिश के पानी की वजह से खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने लोनिवि से सड़कों को गड्ढामुक्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर की सड़कें कई माह पहले टूट चुकी हैं। नगर के एसएन श्रीवास्तव अस्पताल, जरूरी बाजार, मिशन इंटर कॉलेज समेत कई लोगों के घरों को जोड़ने वाली सड़क भी खराब है। इस वजह से दोपहिया चालकों को अधिक परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि बारिश का पानी भरने से इन गड्ढों की गहराई तक पता नहीं चल पाती। इन गड्ढों की वजह से कई बार दुर्घटना होते-होते बची है। इन गड्ढों से वाहन निकालना किसी चुनौती से कम नहीं है। स्थानीय लोगों ने कहा कि लोनिवि को इन सड़कों की मरम्मत जल्द करवानी चाहिए। जलभराव वाले गहरे स्थानों पर कॉजवे, सीसी रोड बनाने का भी सुझाव दिया गया है।
क्या कहते हैं लोग
मार्ग की दुर्दशा बहुत खराब है। इसमें सड़क से अधिक गड्ढे दिख रहे हैं। - आर सिंह, व्यवसायी।
मार्ग पर पता ही नहीं चलता कि गड्ढे में सड़क है या सड़क पर गड्ढे बने हैं। - भारत भूषण रावत।
बारिश में सभी गड्ढे लबालब भर जाते हैं, जहां गिरकर कई लोग चोटिल होते रहते हैं। - मानस बिष्ट।
इन गड्ढों से यात्रियों को झटके लगते हैं जबकि गड्ढों से बचाव में कई वाहन टकरा जाते हैं। - हिमांशु।