जागेश्वर (अल्मोड़ा)। जागेश्वर धाम में बंदरों का उत्पात बढ़ने से श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई है। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं पर बंदरों के झपटने और काटने का खतरा बना हुआ है। प्रसाद लेकर मंदिर जाने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। महामंडलेश्वर एवं धाम के मुख्य पुजारी कैलाशानंद महाराज ने जिलाधिकारी और वन विभाग से समस्या के समाधान की मांग की है।
कैलाशानंद महाराज ने कहा कि बंदर श्रद्धालुओं के हाथों से प्रसाद छीनने के लिए झपट रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं के घायल होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय पुजारियों और दुकानदारों के अनुसार, पिछले कई महीनों से समस्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने, मंदिर परिसर में अल्ट्रासोनिक उपकरण लगाने और घायल श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी राजेश जोशी ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए कर्मचारी की तैनाती कर पिंजरा लगवाने की जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।