अल्मोड़ा। कोसी बैराज में जमा सिल्ट (गाद) की सफाई न होने से गुस्साए विधायक मनोज तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को धरना दिया। विधायक ने बैराज की सफाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
धरनास्थल पर हुई सभा में विधायक ने कहा कि गर्मी के सीजन में होने वाली पेयजल की समस्या को देखते हुए पिछली बरसात के बाद उन्होंने कोसी बैराज का भ्रमण किया था।
मौजूद अधिकारियों को बैराज में जमा सिल्ट (गाद) को हटाने के निर्देश दिए थे लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण अब तक काम शुरू नहीं हुआ। सिल्ट जमा होने से पानी भंडारण में कमी और गंदगी से बीमारी पनपने की भी आशंका है।
उन्होंने सिंचाई खंड और जल संस्थान की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। कहा समय पर सफाई नहीं की गई तो पेयजल समस्या का जिम्मेदार विभाग रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज और संचालन ब्लाक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह बिष्ट ने किया।